मोहाली। 2020 टोक्यो ओलंपिक में भारत के खिलाड़ियों की अधिक से अधिक हिस्सेदारी व मेडल जीतना ही उनका लक्ष्य है। यह बात केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजीजू ने शनिवार को मोहाली में कही। वह एक समागम में शामिल होने पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह दो दिवसीय दौरे पर पंजाब आए थे। इस दौरान वह पटियाला स्थित एनआईएस भी गए, जहां उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की। साथ ही उनकी खामियों और उपलब्धियों के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि व्हीलचेयर बास्केटबाल जैसे खेलों को देखकर उन्हें प्रोत्साहन और कुछ नया सीखने को मिलता है। मंत्री ने कहा कि खेल मंत्रालय पैरा ओलंपिक कमेटियों और पैरा स्पोर्ट्स से जुड़े अधिकारियों व खिलाड़ियों से मिलकर आने आने वाले समय में पैरा खिलाड़ियों के खेल ढांचे को तैयार करने की दिशा में काम करेगा। खेल स्टेडियमों में पैरा खिलाड़ियों के पक्ष में बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा।
पंजाब की खेल नीति में पैरा खिलाड़ी एक समान
पंजाब के अतिरिक्त खेल सचिव संजय कुमार ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि पंजाब की खेल नीति में पैरा स्पोर्ट्स के खिलाड़ियों को एक समान रखा गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की तरफ से आने वाले समय में ऐसे गेम्स करवाए जाएंगे।
पैरा खिलाड़ियों की पहुंच वाला इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना चुनौती
व्हीलचेयर बास्केटबाल फेडरेशन इंडिया की प्रधान माधवी ने कहा कि पैरा खिलाड़ियों के लिए उनकी पहुंच वाला इंफ्रास्ट्रक्टचर तैयार करने की काफी जरूरत है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक, एशियाई या राष्ट्रमंडल खेलों में होने वाले पैरा मुकाबलों में व्यक्तिगत खेल इवेंट के साथ पैरा स्पोर्ट्स के टीम मुकाबलों के लिए टीमें भेजी जाएं। वहीं, फेडरेशन की टीम ने इन मुकाबलों के सफर पर प्रकाश डाला। इस दौरान खिलाड़ियों ने भी अपने तजुर्बे शेयर किए।