मोहाली। जिला पुलिस ने सोहाना स्थित एक निजी कालेज में नशे के खिलाफ समागम करवाया। इसमें डीसी गिरीश दियालन व एसएसपी हरचरन सिंह भुल्लर मौजूद रहे। समागम में लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। डीसी ने कहा कि नशों के खिलाफ पंजाब सरकार पूरी लड़ाई लड़ रही है। नशा विरोधी मुहिम को कामयाब बनाने के लिए लोगों के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में पैरेंट्स का रोल भी अहम है। वह अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें नशे के कुप्रभावों से जागरूक करवाएं। उन्होंने गांव पंचायतों को कहा कि वह भी अपने गांवों को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रयास करें। एसएसपी भुल्लर ने कहा कि पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन तोड़ दी है। उन्होंने डैपों को कहा कि वह नशा करने वाले लोगों को लक्षणों के बारे में बताएं और उन्हें इस दलदल से निकालने में मदद करें।
लोगों ने अधिकारियों से पूछे सवाल
प्रोग्राम में पैनल परिचर्चा करवाई गई। इसमें पंच व सरपंचों के साथ ही आम लोगों ने अपने तजुर्बे शेयर किए। सेहत विभाग के अधिकारियों से भी कई तरह के सवाल पूछे गए। इस मौके पर नशा छोड़ने वाले लोगों ने भी अपने तजुर्बे शेयर किए।
नाटक में भी दिखे नशे के कुप्रभाव
समागम में पंजाबी यूनिवर्सिटी के थियेटर विभाग की टीम की तरफ से नशों के खिलाफ नुक्कड़ नाटक आखिर कदो तक मंचित किया गया। बलजिंदर संधू, रिक्की बाघला व पुनीत खन्ना पर आधारित टीम द्वारा मंचित किए गए नाटक ने लोगों को रुला दिया। जिला प्रशासन के नार्कोटिक्स एनोनिमस नाम की एनजीओ ने भी इसमें सहयोग किया।