कुराली। ब्लॉक माजरी के गांव बूथगढ़ के सरकारी अस्पताल के सीनियर मेडिकल अफसर (एसएमओ) डॉ. दलेर सिंह मुलतानी की ट्रांसफर के विरोध में सेहत विभाग के कर्मचारियों और क्षेत्र वासियों ने कुराली-सिसवां मार्ग पर जाम लगाकर रोष प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। क्षेत्र वासियों ने डॉ. मुलतानी की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उनकी ट्रांसफर रद्द करने की मांग की। डॉ. मुलतानी की बदली विभाग ने जिला फाजिल्का के रामसरा में की है।
जाम लगाने के दौरान समाज सेवी पंजाब अगेंस्ट क्रप्शन के नेता अब्दुल मजीद और सतनाम दाऊ, कुलविंद्र कौर, प्रितपाल सिंह, जसपाल सिंह, गुरदीप कौर, अनुप्रीत सिंह, बिक्रम कुमार, एसएनएम हरमिसरण कौर, गुरप्रीत सिंह और अन्य ने कहा कि डॉ. मुलतानी ईमानदार और अपने काम को समर्पित डॉक्टर तथा अधिकारी हैं। डॉ. मुलतानी सरकारी दवाइयों की खरीद में घपलेबाजी और क्षेत्र में होते नशे की बिक्री को उजागर करते आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त डॉ. मुलतानी सरकारी अस्पताल की नई इमारतों का उद्घाटन सत्ताधारी नेताओं और मंत्रियों से करवाने के बजाय दर्जा चार कर्मचारियों से करवाने को पहल देते हैं। उन्होंने कहा कि दो वर्षों के कार्यकाल में डॉ. मुलतानी ने बिना किसी सरकारी मदद से बूथगढ़ अस्पताल का कायाकल्प करके जिले के सर्वोतम अस्पतालों की सूची में शामिल किया है। डॉ. मुलतानी की सेवा मुक्ति में केवल पांच महीने बचे हैं। इस दौरान उनकी बदली गलत है।