पंजाब में अब एंबुलेंस सेवा पूरी तरह ओला और उबर कैब की तर्ज पर चलेगी। इतना ही नहीं मरीज अपने मोबाइल पर भी एंबुलेंस को ट्रैक कर पाएगा। इस दिशा में सेहत विभाग ने काम करना शुरू कर दिया है। यह जानकारी मंगलवार को पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन में 20 नई एंबुलेंस को हरी झंडी देने के समय सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने दी। उन्होंने बताया कि अब एंबुलेंस के लिए एक निश्चित समय अवधि तय की गई है जिसमें उसे मरीज तक पहुंचना होगा। शहरी क्षेत्र में समय सीमा 20 मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 30 मिनट तय की गई है।
सेहत मंत्री ने दावा किया है कि पंजाब में डॉक्टरों को पूरी तरह से भयमुक्त माहौल मिलेगा, ताकि वे लोगों को बढ़िया सेहत सुविधा दे पाए। उन्होंने बताया कि इस साल अब तक 80 एंबुलेंस इस सेवाएं में जुड़ चुकी हैं। वहीं, पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन में मौजूद एंबुलेंस की संख्या 242 हो गई है। सिद्धू ने कहा कि यह प्रयास डॉ. मनमोन सिंह की अगुवाई वाली यूपीए सरकार ने शुरू किया था जो अब तक चल रहा है।
इस मौके पर पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन के चेयरमैन अमरदीप सिंह चीमा व कारपोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित कुमार, मंत्री के राजनीतिक सलाहकार हरकेश चंद शर्मा मच्छलीकलां, डायरेक्टर सेहत सेवाएं पंजाब डॉ. जसपाल कोर, डायरेक्टर नेशनल सेहत मिशन पंजाब डॉ. रीटा भारद्वाज, डायरेक्टर ईएसआई डॉ. जसपाल सिंह व 108 एंबुलेंस के प्रोग्राम अफसर डॉ. विशाल हाजिर थे।
राज्य में डॉक्टरों के लिए बढ़िया माहौल बनाएंगे : सिद्धू
सेहत मंत्री ने कहा कि राज्य में डॉक्टरों के लिए बढ़िया माहौल बनाया जाएगा। उन्होंने डॉक्टरों को निजी लाभ से ऊपर उठकर काम करने के लिए नसीहत दी। वहीं, उन्होंने हिदायत है कि ड्यूटी में कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के 43 लाख परिवारों को अब तक कैशलेस सेहत बीमा उपलब्ध करवा चुकी है। सभी को सरबत सेहत बीमा योजना के घेरे में लाया गया है।