डेराबस्सी। नगर काउंसिल के अधीन पड़ते गांव मीरपुर में तीन दिन से बिजली न आने के कारण शनिवार को गांव वासियों का गुस्सा फूट गया। ग्रामीणों ने सुबह 11 बजे मुबारिकपुर-रामगढ़ सड़क पर जाम लगाकर आधे घंटे तक पावरकॉम विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पावरकॉम के अधिकारियों से संपर्क किया व समस्या का हल करवाकर प्रदर्शनकारियों को शांत किया और जाम खुलवाया। जाम में फंसे वाहन चालकों व उनमें सवार लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी राकेश कुमार, शेर सिंह, राज कुमार, वीना, राधा, सुमन, सुषमा, पारो देवी सहित अन्य ने बताया कि गर्मियों में पावरकॉम निर्विघ्न बिजली सप्लाई देने में नाकाम रहा है। कई दिन में बिजली की आंख मिचौली जारी है। इस बारे में पावरकॉम अधिकारियों को सूचना देने पर वह सुनवाई नहीं कर रहे। उन्होंने ने आरोप लगाया कि पावरकॉम बिजली कट लगाने से पहले जानकारी नहीं देता। उन्होंने बताया कि तीन दिन से बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप है। अधिकारियों को सूचित कर दिया था, परंतु जल्द सप्लाई चालू होने का भरोसा देते रहे। बिजली सप्लाई बाधित होने से इसका प्रभाव पानी की सप्लाई पर भी पड़ा। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर बिना किसी सूचना के कट लगाया, तो वह फिर से सड़क जाम करेंगे।