मोहाली। गांव बलौंगी में दो दिन से पानी का संकट गहराया हुआ है। मजबूरी में लोग टैंकर मंगवा रहे हैं या फिर समाजसेवी द्वारा लोगों को पानी मुहैया करवाया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से तुरंत समस्या के समाधान की मांग की है।
बलौंगी निवासी बीसी प्रेमी, संतोश, राघव व अजय ने बताया कि दो दिन से गांव की पानी की सप्लाई बंद है। इलाके के लोगों को हर साल गर्मियों में यह समस्या होती है, लेकिन प्रशासन स्थायी समाधान नहीं कर रहा। उन्होंने बताया कि करम सिंह फौजी की तरफ से वीरवार को पानी का टैंकर लाकर इलाके में पानी की सप्लाई की गई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। गांव की जल सप्लाई कमेटी की चेयरपर्सन भिंदरजीत कौर ने कहा कि पानी की दो मोटरें खराब होने के कारण दिक्कत पैदा हुई है। मोटरें रिपेयर के लिए भेजी गईं हैं। जल्द ही समस्या का हल किया जाएगा। उन्होंने गांव के लोगों को रहते बिल तुरंत भरने के आदेश दिए।
यह कहते हैं सरपंच
सरपंच बहादुर सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले प्रत्येक घर से 500 रुपये जमा करवाकर वर्ल्ड बैंक की स्कीम के पैसे मिलाकर गांव में दो ट्यूबवेल लगाए गए थे। इसके बाद पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि उस समय पानी का बिल तीस रुपये प्रति महीना होता था। 2008 में यह 75 रुपये कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह काफी समय से मांग कर रहे हैं कि पानी का चार्ज उन्हें दिया जाए, ताकि पानी की सप्लाई को सुधारा जा सके।