कुराली। कुराली रेलवे स्टेशन को अपग्रेड करने व कई महत्वपूर्ण रेल गाड़ियों को शहर में रोके जाने की मांग को लेकर शहर वासियों ने सांसद मनीष तिवारी को मांगपत्र सौंपा। सांसद मनीष तिवारी ने क्षेत्र वासियों की इन मांगों को पूरा करवाने के लिए हरसंभव यत्न करने का भरोसा दिया।
शहरवासी मनोज कुमार, रविंद्र कुमार और अन्य ने सांसद को मांगपत्र देते हुए कहा कि शहर के रेलवे स्टेशन को कुराली सहित क्षेत्र के सैकड़ों गांव लगते हैं। लंबे समय से रेलवे स्टेशन की अनदेखी की जा रही है। रेलवे स्टेशन को अपग्रेड करने की तरफ किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों ने स्टेशन को अपग्रेड करने तथा यात्रियों के लिए अधिक सुविधाएं देने की मांग की। उन्होंने सांसद को बताया कि दिल्ली जाने वाली जन शताब्दी शहर में से होकर प्रतिदिन सुबह 6:40 पर गुजरती है, लेकिन यह कुराली में नहीं रुकती, जिस कारण लोगों तथा व्यापारियों को ट्रेन में जाने के लिए रूपनगर या मोरिंडा जाना पड़ता है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक शनिवार को हावड़ा मेल, बृहस्पतिवार को हजूर को जाने वाली गाड़ी तथा महत्वपूर्ण गाड़ियों के रेलवे स्टेशन पर रोके जाने की मांग की। शहर वासियों ने नंगल से सहारनपुर तक जाने वाली रेलगाड़ी का रूट हरिद्वार तक किए जाने की भी मांग की। मनीष तिवारी ने शहर वासियों को भरोसा दिया कि वे इन मांगों को केंद्रीय रेलवे मंत्री तथा केंद्र सरकार तक पहुंचाएंगे। इस मौके पर पूर्व मंत्री जगमोहन सिंह कंग, जिला परिषद मेंबर यादविंद्र बन्नी कंग, अमरिंद्र सिंह रौमी, सिटी यूथ कांग्रेस के प्रधान रमाकांत कालिया, हैप्पी धीमान, पवन सिंगला, पंकज गोयल, पार्षद विनीत कालिया, शिव वर्मा, संजय मित्तल, दिनेश गोतम, मट्टू बंसल, मोनिका सूद, जसमीत सिंह आदि उपस्थित थे।