जीरकपुर। मंगलवार को कालका-शिमला रेल मार्ग पर सोनवारा-कोटी व कुमार हट्टी-धर्मपुर रेलवे स्टेशनों के बीच भीषण गर्मी के चलते रेलवे ट्रैक केे साथ जंगल में आग लग गई। इसके चलते कालका-शिमला स्पेशल ट्रेन संख्या 52443 को दो घंटे के लिए रोकना पड़ा। वहीं ट्रेन के लेट होने पर अंबाला मंडल ने विशेष ध्यान दिया और सभी यात्रियों को बड़ोग व कंडाघाट स्टेशनों पर मुफ्त चाय, पानी व अन्य खाने-पीने की वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन को बड़ोग व कंडाघाट हिल स्टेशन पर दो मिनट के स्थान पर 10 मिनट के लिए रोका गया व यह सुनिश्चित किया गया कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। सभी स्टेशनों पर यात्रियों को यात्री उद्घोषणा प्रणाली व ट्रेन में मौजूद टीटी द्वारा हर संभव मदद दी गई। इसके अलावा अंबाला मंडल द्वारा स्टेशन अधीक्षक प्रिंस सेठी, वाणिज्य निरीक्षक अमर सिंह ठाकुर व रेल सुरक्षा बल के जवानों को सभी यात्रियों से शिमला स्टेशन पर वार्ता व कुशलक्षेम पूछने के लिए लगाया गया। इस घटना पर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश चंद्र शर्मा द्वारा यात्रियों को सभी तरह की सहायता उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए गए।