खरड़। नगर काउंसिल के अधीन आती संतेमाजरा कालोनी के पास बनाई जा रही नई कालोनी के मालिकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिंदर सिंह रोमाणा समेत कई निवासियों ने कालोनाइजर व नगर काउंसिल के खिलाफ प्रदर्शन किया। वरिंदर रोमाणा तथा अन्यों ने बताया कि संतेमाजरा कालोनी के पास कई एकड़ में बिना सीएलयू पास करवाए गलत तरीके से कालोनी काटी जा रही है। कालोनाइजर द्वारा बिना मंजूरी लिए ही सीवरेज तथा पानी के कनेक्शन जोड़ रखे थे। लोगों द्वारा विरोध करने के बाद काउंसिल ने एक बार कनेक्शन काट दिए थे, परंतु इन्होंने एक निर्माणाधीन कोठी के नीचे से दोबारा गलत तरीके से कनेक्शन जोड़ लिए। उन्होंने डीसी समेत अन्य अधिकारियों से जांच कर कनेक्शन काटने की मांग की है। इस अवसर पर रोहित, महेश चंद, अमित, बलदेव राज, कुलदीप सिंह, अमरजीत कौर, मेजर सिंह, कुलवंत कौर, कश्मीरा तथा रणजीत सिंह आदि भी उपस्थित थे।
इस बारे में कालोनी काटने वाले कालोनाइजर ने कहा कि कालोनी को रेगुलर करने के लिए नगर काउंसिल के पास पैसे जमा करवाए हुए हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को नकार दिया।
नगर काउंसिल खरड़ के कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि जांच करके बनती कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।