खरड़। शहर के कई वार्डों में पिछले तीन दिन से बिजली सप्लाई ठप्प हो जाने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए रणजीत सिंह गिल उपप्रधान शिरोमणि अकाली दल तथा मुख्य सेवादार हलका खरड़ तथा भाजपा के उपप्रधान नरिंदर सिंह राणा ने पंजाब राज्य बिजली बोर्ड खरड़ के दफ्तर में जाकर अधिकारियों को मांग पत्र दिया। पावरकॉम के एसडीओ बलदेव सिंह ने आश्वासन दिया कि जल्द ही बिजली सप्लाई को ठीक कर दिया जाएगा।
रणजीत सिंह गिल ने एक्सईएन रतनदीप सिंह व एसडीओ वचित्र सिंह के साथ भी फोन पर बात की। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात को आए तूफान के कारण बहुुत सारे बिजली की खंभे गिर गए हैं और तारें टूट गई हैं। उन्होंने कहा कि बिजली के खंभों तथा तारों को ठीक करके शहर की बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी। रणजीत सिंह गिल ने मांग की कि शहर बड़ा होने के कारण कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि शिकायतों का निपटारा जल्द हो सके। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के हरजीत सिंह, भाजपा मंडल खरड़ के प्रधान दविंदर सिंह, राजपाल सिंह, पूर्व उपप्रधान प्रीतकंवल सिंह सैनी, केसर सिंह व भूपिंदर सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।