मोहाली। गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में अब प्रशासन द्वारा सेक्टर-76 प्रबंधकीय कांप्लेक्स में जापानी तकनीक से तैयार किया गया जंगल जनता को समर्पित कर दिया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू मुख्य मेहमान के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि ऐसी तकनीक अपनाने वाला मोहाली पंजाब का पहला जिला बन गया है। इस दौरान लोगों को पौधे भी वितरित किए गए। मंत्री ने बताया कि यहां पर ढक, अर्जुन, किक्कर, बेहड़ा, जामुन, देसी अंब, बबूल, नीम, सिंबल, महुआ जैसे 40 किस्मों के पौधे लगाए गए हैं, जिनका जिक्र गुरबाणी में भी होता है।
डीसी गुरप्रीत कौर सपरा ने बताया कि जिला प्रशासन ने इको सिख नाम की संस्था के साथ मिलकर यह कार्य शुरू किया है। साथ ही यह सारा काम जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में खाली पड़ी जगह में किया जा रहा है। यहां पर थोड़ी सी जगह में 550 पौधे लगाकर एक जंगलनुमा क्षेत्र तैयार किया गया है। इस तकनीक का पूरा नाम मियावाकी तकनीक है। इस तकनीक में उस एरिया में होने वाले पौधे ही लगाए जाते हैं, ताकि इनके विकास में कोई रुकावट न आए। वहीं, प्रोजेक्ट का सोमवार को आगाज हो गया।
जिला जंगलात अफसर डीएफओ गुरअमनप्रीत सिंह ने बताया कि यह तकनीक शहरी क्षेत्र में थोड़ी सी जगह के लिए बेहद कारगर है। इससे जहां जैविक विभिन्नता बनाए रखने में मदद मिलती है। साथ ही पौधों के विकसित होने की संभावना सबसे अधिक रहती है। इस तकनीक से पौधों की जड़े एक दूसरे के साथ जुड़ जाती हैं, जिससे उनका विकास तेजी से होता है। वहीं, ऐसे पौधों में पक्षी भी अपने आपको को सुरक्षित समझते हैं।