मोहाली। संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. बीआर आंबेडकर की जयंती को समर्पित बुधवार को फेज-5 स्थित मिलेनियम स्कूल में बुधवार को कोविड टीकाकरण शिविर लगाया गया। इस शिविर में 150 से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर नए मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने बतौर मुख्य मेहमान शिरकत की। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह सभी कोरोना गाइडलाइन का पालन जरूर करें और जिन आयु वर्ग में टीकाकरण मुहिम चलाई जा रही है, उस उम्र वर्ग के लोग टीकाकरण जरूर करवाएं। जानकारी के मुताबिक यह शिविर इलाके की पार्षद बलजीत कौर की अगुवाई में आयोजित किया गया था। इस शिविर में ईएसआई अस्पताल फेज-7 के स्वास्थ्य कर्मियों की टीम, डॉ. जीवन आशा और स्टाफ नर्स कुलवंत कौर की अगुवाई में टीकाकरण मुहिम चलाई गई। इस मौके पर नगर निगम के कर्मचारियों में दीपक, कमलजीत सिंह, अनिल, रमनदीप बरेजा, मनमोहन सिंह, एडवोकेट रिपुदमन सिंह, पुष्कर, विजय शंकर, प्रिंसिपल डॉ. कृतिका समेत काफी संख्या मेें लोग मौजूद रहे।
फेज-3बी1 में 193 को लगाया पहला टीका
वहीं, दूसरी ओर फेज-3बी1 स्थित गुरुद्वारा श्री साचा धन साहिब में बुधवार को पार्षद जसप्रीत सिंह गिल की अगुवाई में कोरोना टीकाकरण के लिए शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 193 लोगों ने कोरोना का पहला टीका लगवाया। इस अवसर पर टीका लगवाने वाले लोगों को करीब आधे घंटे तक निगरानी में रखा गया है। इतना ही नहीं लोगों को कोरोना गाइडलाइन के प्रति भी जागरूक किया गया।
नाइपर में 164 मुलाजिमों को दी पहली खुराक
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (नाइपर) में बुुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोविड वैक्सीनेशन के लिए शिविर लगाया गया। इस अवसर पर फेज-6 के सरकारी अस्पतालों से तीन डॉक्टरों की टीम पहुंची थी। इस दौरान कड़ी निगरानी में संस्थान के 164 मुलाजिमों और अधिकारियों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी गई। इसके अलावा कुछ ऐसे मुुलाजिम भी थे, जिन्होंने अपने आयु वर्ग के हिसाब से पहले ही टीकाकरण करवा लिया था। इस दौरान अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। लोगों को टीकाकरण करवाने के लिए आगे आना चाहिए, जिससे कोरोना महामारी को मात दी जा सके।