चलती कार से फायरिंग के दाैरान बनाए वीडियो में दिखता घर। वीडियोग्रैब
फायरिंग चलती कार से की गई, पुलिस ने जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। मोहाली के सेक्टर-89 में देर रात एक आईटी बिजनेसमैन के घर के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें करीब 15 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि फायरिंग चलती कार से की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
जिस कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग हुई उसे करीब पांच-छह महीने पहले फिरौती की कॉल आई थी। एहतियात के तौर पर उसे पुलिस की ओर से गनमैन भी मुहैया कराए गए थे। हालांकि घटना के समय बिजनेसमैन विदेश में बताया जा रहा है और घर बंद था। मामले में हरमनदीप सिंह हंस (एसएसपी मोहाली) ने बताया कि फायरिंग घर के पास हुई है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है ताकि स्पष्ट हो सके कि गोलियां घर को निशाना बनाकर चलाई गईं या हवाई फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी तरह के नुकसान या घायल होने की सूचना नहीं है। सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा है कि वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर डोनी बल ने ली है लेकिन पुलिस ने ऐसे दावों को अफवाह करार दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित एक ज्वेलर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। वहीं पंजाबी अभिनेत्री व मॉडल हिमांशी खुराना को भी दस करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिल चुकी है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या मोहाली की यह घटना हालिया रंगदारी मामलों से जुड़ी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।