कुराली। सीवरेज के मैनहोल में जहरीली गैस चढ़ने के बाद सिविल अस्पताल में भर्ती दोनों सफाई कर्मचारियों हनी कुमार और लखन की हालत खतरे से बाहर है। वहीं, जहरीली गैस चढ़ने के कारण मरने वाले नगर काउंसिल के 25 वर्षीय बीरू का शव शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। पुलिस ने मृतक की पत्नी अंजनी के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। कानूनी कार्रवाई के बाद मृतक का रूपनगर में अंतिम संस्कार किया गया।
शुक्रवार को सिसवां रोड पर सीवरेज के मैनहोल की सफाई करते समय जहरीली गैस चढ़ने के कारण मुलाजिम बीरू की मौत हो गई थी, जबकि बेहोश हुए हनी कुमार निवासी रूपनगर और लखन निवासी हुसैनपुर जिला रूपनगर को कुराली अस्पताल में दाखिल कराया था। दूसरी तरफ डीसी गुरप्रीत कौर सपरा के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने इसकी जांच करने के आदेश एसडीएम खरड़ को दिए और रिपोर्ट पेश करने को कहा था। उम्मीद है कि जल्दी ही रिपोर्ट आ जाएगी।