तेज रफ्तार कार मदनपुर चौक पर पलटी, जानी नुकसान से हुआ बचाव
मोहाली। मदनपुर चौक पर बुधवार देर रात एक हादसा हो गया। इस दौरान चंडीगढ़ साइड से आई बेकाबू कार मदनपुर राउंडअबाउट से टकराकर पलट गई। चालक कार से निकलकर, मौके से फरार हो गया। वीरवार को पूरा दिन यह हादसा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है।
शाम तक पुलिस को पता नहीं चल पाया कि आखिर कार चालक कौन है। वीरवार शाम को सेक्टर-32 से सूचना आई कि मोहाली में हादसे का शिकार अस्पताल में दाखिल है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक वहां से निकल गया था। इतना ही नहीं कार को भी मदनपुर चौक से ले गया है। मामले के जांच अधिकारी एएसआई लखविन्द्र सिंह ने बताया कि उन्हें अस्पताल से जानकारी मिली थी कि घायल चालक अस्पताल में दाखिल हुआ है। उसने बताया कि वह मोहाली में हादसे का शिकार हुआ है। जब मटौर थाने से हवलदार को उसके बयान लेने अस्पताल भेजा गया तो कार चालक बेड पर नहीं था। वह डाक्टरों को बिना बताए वहां से गायब हो चुका था। पुलिस ने जब मदनपुरा चौक पर जाकर कार को देखना चाहा तो कार भी वहां से गायब थी। पुलिस कार के नंबर से चालक का पता लगाने में जुट गई है।