शहर के दो और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स चलाएगी प्राइवेट कंपनी
मार्च से संभालेगी काम, गमाडा की रहेगी नजर, कांप्लेक्स की देखभाल, संचालन, प्रबंध और रखरखाव करेगी कंपनी
अमित शर्मा
मोहाली।
शहर के दो और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की जिम्मेदारी गमाडा ने प्राइवेट कंपनी को सौंपने की तैयारी की है। इसमें सेक्टर-59 और 65 के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स शामिल हैं। कंपनियों को स्पोर्ट्स कांप्लेक्सों की जिम्मेदारी लेने से पहले अग्नि परीक्षा से गुजरना होगा। क्योंकि गमाडा ने इसके लिए काफी सख्त नियम रखे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यदि सब कुछ सही रहा तो मार्च के दूसरे हफ्ते में कंपनी को काम अलॉट कर दिया जाएगा। जो कंपनी यह काम देखेगी, वह सभी चीजों पर नजर रखेगी। गमाडा की ओर से कंपनी के काम की निगरानी की जाएगी। अगर कोई शिकायत आती है तो कंपनी से पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा नियम तोड़ने पर जुर्माने से लेकर कंपनी का ठेका भी रद्द किया जा सकता है।
गमाडा ने कुछ समय पहले दो स्पोर्ट्स कांप्लेक्सों की जिम्मेदारी एक प्राइवेट कंपनी को सौंपी थी, उसका काम संतोषजनक रहा। अब गमाडा ने दो अन्य स्पोर्ट्स कांप्लेक्सों की जिम्मेदारी भी प्राइवेट कंपनी को सौंपने का फैसला किया है। गमाडा अधिकारियों के मुताबिक, कंपनी को एक साल के लिए यह काम सौंपा जाएगा। इस दौरान कंपनी द्वारा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की देखभाल, संचालन, प्रबंध और रखरखाव किया जाना है। गमाडा अधिकारियों के मुताबिक, जो कंपनी उनकी शर्तों को पूरा करेगी, उसे काम अलॉट किया जाएगा। हालांकि कंपनी का पूरा रिकॉर्ड भी देखा देखा जाएगा। इसके अलावा पचास हजार रुपये की राशि बयाना रकम के रूप में रखी जाएगी। गमाडा अधिकारियों को उम्मीद है कि ऐसा करने से स्पोर्ट्स कांप्लेक्सों के काम में तेजी आएगी। वहीं, लोगों को भी इससे फायदा मिलेगा। जिक्रयोग है कि उक्त कांप्लेक्सों की हालत काफी खराब है। जगह-जगह टाइलें गिर रही हैं। कई जगह पूल के लीक होने के मामले सामने आ चुके हैं।
शहर बसने के पैंतीस साल बाद बने कांप्लेक्स
शहर में पहले स्पोर्ट्स कांप्लेक्स नहीं थे। अधिकतर खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, अभ्यास आदि के लिए चंडीगढ़ या दूसरे शहरों में जाना पड़ता था। इस कारण कई लोग अपना शहर तक छोड़ जाते थे। पूर्व अकाली सरकार ने शहर में पांच नए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनवाए। शहर बसने के 35 साल बाद यहां पर कांप्लेक्स बने। कांप्लेक्स बनाते समय रिहायशी एरिया का पूूरा ध्यान रखा गया। लोग इनका पूरा लाभ उठा रहे हैं।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में इन खेलों की सुविधा
टेबल टेनिस, बैडमिंटन, स्वीमिंग पूल, टोडलर पूल और बास्केटबॉल।
पीसीए, ओलंपिक भवन व हॉकी स्टेडियम भी
मोहाली को पंजाब सरकार ने चंडीगढ़ की तर्ज पर प्लानिंग के तहत बसाया था। शहर में जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया गया। वहीं, इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम, गोल्फ क्लब, रेंज और ओलंपिक भवन भी शहर की शान हैं।