चार कारों से 137 शराब की पेटियां बरामद, चारों के चालकों पर केस दर्ज
क्रासर - कोरोना काल में भी नहीं रुक रही शराब तस्करी, चंडीगढ़ से लुधियाना ले जा रहे थे अवैध शराब की पेटियां
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। फेज-1 थाने की पुलिस और एक्साइज विभाग की टीम ने पीटीएल चौक पर स्पेशल नाके के दौरान चार लग्जरी कारों से 137 शराब की पेटियां बरामद की हैं। सभी बोतलें केवल चंडीगढ़ में बिकने वाली हैं। पुलिस ने शराब अपने कब्जे में लेकर चार आरोपियों को नामजद किया है। थाना फेज-1 के एसएचओ शिवदीप सिंह बराड़ ने कहा कि किसी को भी नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ में भी अब जरूरी दुकानों के अलावा सभी दुकानें बंद चल रही हैं। इसका फायदा उठाकर अब चंडीगढ़ से पंजाब में शराब तस्करी हो रही है। आरोपी चार लग्जरी कारों में दो एसेंट, एक अर्टिगा और एक इनोवा कार में शराब लेकर चंडीगढ़ से लुधियाना के जगराओ आ रहे थे। जैसे ही चारों कारें पीटीएल चौक पर पहुंची तो पुलिस ने उन्हें चेकिंग के लिए रोका तो इनमें से अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने चारों वाहन चालकों को नामजद कर लिया है।
रात्रि कर्फ्यू में ठेके से शराब बेचने पर केस दर्ज
जानकारी के मुताबिक रात्रि कर्फ्यू में भी मोहाली में शराब ठेके से छोटी खिड़की के जरिये शराब बेची जा रही थी। पुलिस ने शिकायत के बाद सोमवार की रात फेज-दो मेें शराब ठेके पर दबिश दी। यहां बेची जा रही शराब की पुष्टि कर ठेके को सील कर केस दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक रात्रि कर्फ्यू में शराब बेचने पर चार शराब ठेका मालिकों पर केस दर्ज किए गए हैं।