मोहाली। जिले में मंगलवार को 132 लोग कोरोना संक्रमण का शिकार होकर बीमार हो गए। जबकि 100 मरीज ठीक हो गए हैं। डीसी अमित तलवार ने कहा कि सोमवार को 1313 लोगों की सैंपलिंग सेहत विभाग द्वारा की गई थी और इनमें से 132 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके संपर्क में आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है।
जिले में अभी तक 98444 लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं, जिनमें से 96594 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हो चुके हैं। जबकि 1159 लोग संक्रमण की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। मंगलवार को आए केसों के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 691 हो गई हैं, जिनका डाक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। डीसी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह से कोरोना संक्रमित मरीजों की सख्या बढ़ रही हैं, उसे देखते हुए लोगों को कोविड-19 गाइडलाइंस का सख्ती से पालना करना चाहिए। बिना काम घर से बाहर न निकलें और अगर बाहर जाए तो मुंह पर मास्क जरूर पहनें। जबकि भीड़भाड़ वाली जगहों पर एक दूसरे से दूरी बनाकर रखें और हाथों को बार-बार सेनिटाइज करते रहे।
677 ने लगवाई बूस्टर डोज
जिले में मंगलवार को कुल 1019 लोगों ने टीकाकरण करवाया। इनमें 149 ने पहली, 193 ने दूसरी और 677 ने बूस्टर डोज लगवाई। इसी तरह किशोरों में 14 ने पहली और 14 ने दूसरी डोज लगवाई। जबकि 12 से 14 वर्ष के बीच के बच्चों में 97 ने पहली और 64 ने दूसरी डोज लगवाई। सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने कहा कि जिले में अभी तक 2087614 लोग टीकाकरण करवा चुके हैं, जिनमें 1156106 पहली, 877244 दूसरी और 54264 लोग बूस्टर डोज लगवा चुके हैं। सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की है कि 60 साल से कम उम्र वालों को बूस्टर डोज अब निशुल्क लगाई जाती है। इसलिए जिन लोगों ने टीकाकरण नहीं करवाया है वह केंद्र में आकर टीकाकरण करवा सकते हैं।