डेराबस्सी माल विभाग को मोहाली शिफ्ट न करने की मांग
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डेराबस्सी एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। विधानसभा हलका डेराबस्सी की आम आदमी पार्टी इकाई के सदस्यों ने सबडिवीजन मजिस्ट्रेट डेराबस्सी को एक मांगपत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने माल विभाग को मोहाली में शिफ्ट न करने की मांग उठाई है। जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों द्वारा डेराबस्सी के माल विभाग को मोहाली में शिफ्ट करने का एलान किया है। अगर ऐसा हुआ तो लोगों को जमीनी रिकार्ड से जुड़ी जानकारियों के लिए मोहाली जाना पड़ेगा।
डेराबस्सी से प्रधान अमरीक सिंह धनौनी और जीरकपुर से प्रधान रमेश शर्मा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल डेराबस्सी एसडीएम कार्यालय पहुंचा। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार को एक ज्ञापन की कापी सौंपी। इसमें पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि ऐसा होता है तो हलका डेराबस्सी से जुड़े लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। अभी लोगों को जमीन से जुड़े रिकार्ड की जानकारी डेराबस्सी से मिल जाती है, जो जीरकपुर और लालड़ूू के अंदर रहने वालों के लिए मुश्किल नहीं, इसलिए ऐसा न किया जाए।
रिकार्ड रूम को अगर मोहाली शिफ्ट करते हैं तो डेराबस्सी के अलावा लालड़ूू एवं जीरकपुर शहर के लोगों को अपने कार्यों को मजबूरन छोड़कर कई किलोमीटर दूर मोहाली जाना पड़ेगा, जिसमें सारा दिन खराब होता है।
पार्टी वर्करों ने आरोप लगाया कि एक तरफ तो सूबे की कांग्रेस लोगों को सरकारी सुविधाएं घर के पास मुहैया करवाने के दावे करती है और दूसरी ओर डेराबस्सी माल विभाग को मोहाली में शिफ्ट करके दोहरा नीति खेल रही है, जिसको उनकी पार्टी किसी कीमत में बर्दाश्त नहीं करेगी। शिष्टमंडल में जीरकपुर और डेराबस्सी ब्लाक प्रधान के अलावा मोहाली जिले के सचिव गुरचरण सिंह, महासचिव तरसेम सैणी, डॉ. देव जीरकपुर, मनदीप लॉडी, इंद्रजीत सिंह जौड़ा, हरनेक सिंह, दलजीत सिंह, गुरजंट सिंह, बलबीर सिंह, विजय कुमार आदि नेता उपस्थित हुए, जिन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।