करोड़ों की ड्रग तस्करी के केस की जिला अदालत मेें हुई सुनवाई
अदालत में ईडी के डिप्टी डायरेक्टर का हुआ क्रॉस एग्जामिन
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। करोड़ों रुपये की ड्रग तस्करी के मामले की मंगलवार को सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। इस मौके पर अदालत में ईडी के डिप्टी डायरेेक्टर निरंजन सिंह द्वारा अदालत में दी गई स्टेटमेंट में बताया कि गत अकाली बीजेपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे व्यक्ति के खिलाफ जांच अभी पूरी नहीं हुई। अदालत में उक्त केस में सुबह दस बजे से शुरू हुई क्रॉस एग्जामिनेशन दोपहर करीब एक बजे तक चली। मामले की अगली सुनवाई सात दिसंबर तय की गई है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को ईडी बनाम अनूप सिंह काहलों व अन्य केस की सुनवाई सीबीआई की अदालत में हुई। अदालत में ईडी के डिप्टी डायरेेक्टर निरंजन सिंह द्वारा दी गई स्टेटमेंट पर क्रॉस एग्जामिनेशन हुआ। ईडी अधिकारी निरंजन सिंह ने अदालत में कहा कि इस समय वह केस के जांच अधिकारी नहीं हैं। बीते समय में उन्होंने इस केस में जांच अधिकारी होते हुए उक्त मंत्री की प्रॉपर्टीज की जांच शुरू की थी, लेकिन जांच अभी पूरी नहीं हुई थी। अदालत में आरोपी अनूप सिंह काहलों व मनप्रीत सिंह गिल्ल के वकील एडवोकेट डा. शैली शर्मा ने क्रॉस एग्जामिनेशन करते हुए पूछा कि जब इस केस के बाकी आरोपियों से जांच की गई तो मंत्री की जांच पूरी क्यों नहीं की गई।
सिंगर दिलजीत दोसांझ के बारे में भी किए गए सवाल जवाब
क्रॉस एग्जामिनेशन में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का नाम भी सामने आया। एडवोकेट शैली शर्मा ने क्रॉस एग्जामिनेशन करते हुए कहा कि इससे पहले फौरन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) की उल्लंघना करने पर प्रसिद्ध पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ से पूछताछ भी की थी। उसके बाद उसे पेनल्टी लगा कर छोड़ दिया गया। इसके बाद एडवोकेट शर्मा ने नवंबर 2016 में गायक दोसांझ को डिप्टी डायरेक्टर द्वारा अपनी बेटी की शादी में बुलाने संबंधी सवाल जवाब किए। इस पर निरंजन सिंह ने कहा कि वह प्रोग्राम में शामिल हुआ था। उसने अपनी प्रस्तुति भी दी थी। उन्हें सही प्रकार से याद नहीं है, लेकिन उन्होंने दिलजीत को बहुत कम पैसे दिए थे।