बॉक्सर सिमरनजीत कौर पंजाब स्टेट इंस्टीट्यूट आफ स्पोर्ट्स में हुआ शानदार स्वागत
कहा- रोजाना छह से सात घंटे करती हैं प्रेक्टिस, हर मुकाबले में मां रहती है साथ
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में कांस्य पदक दिलाकर पंजाब का नाम रोशन करने वाली सिमरनजीत कौर मंगलवार को शहर पहुंची तो फेज-9 स्थित पंजाब स्टेट इंस्टीट्यूट आफ स्पोर्ट्स (पीआईएस) में उनका स्वागत किया। द्रोणाचार्य अवार्डी क्यूबा निवासी कोच बीआई फर्नांडीज व उसके साथी मौजूद रहे। सिमरनजीत कौर ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य जनवरी में होने वाली नेशनल मुक्केबाजी चैंपियनशिप है।
सिरमनजीत कौर शाम को संस्थान में पहुंची तो उनके स्वागत के लिए सुबह से ही तैयारियां चल रही थी। इस मौके सिमरनजीत कौर ने बताया कि विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की थी। रोजाना सुबह और शाम तक करीब छह से सात घंटे प्रेक्टिस करती थीं। इस सफर में उनके पैरेंट्स का भी पूरा सहयोग रहा है। उनके पापा एक शॉप पर काम करते थे। जुलाई में उनका देहांत हो गया था। लेकिन वह हमेशा उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते थे। वहीं, उन्होंने बताया कि उनकी मम्मी हमेशा उनके साथ रहती हैं। देश में जहां भी कहीं वह खेलने जाती हैं, मम्मी हमेशा साथ जाती हैं। उन्होंने बताया कि वह परिवार में चार भाई बहन हैं। करीब तीन साल से मोहाली में कोच बीआई फर्नांडीज से ट्रेनिंग ले रही हैं।
पंजाब में टैलेंट की कमी नहीं : फर्नांडीज
भारतीय मुक्केबाजी को नई ऊंचाईयों तक ले जाने में बीआई फर्नांडीज का भी अहम योगदान है। उन्होंने मैरीकॉम, विजेंद्र सिंह, शिवथापा, मनोज यादव, अखिल कुमार, सरिता देवी समेत कई विश्व विख्यात खिलाड़ियों को ट्रेंड किया है। वह, अब उक्त संस्थान में पंजाब के खिलाड़ियों को तराश रहे हैं। उनका कहना है कि पंजाब में टैलेंट की कमी नहीं है। बस इसे एक नई दिशा देने की जरूरत है।