सवा करोड़ से बदलेगी कुराली की सूरत
काउंसिल की मीटिंग में विकास कार्य के प्रस्तावों को दी गई मंजूरी
मीटिंग के दौरान हलका विधायक कंवर संधू भी रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली।
कुराली नगर काउंसिल की मीटिंग प्रधान कृष्णा देवी की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में हलका विधायक कंवर संधू विशेष तौर पर पहुंचे। मीटिंग के दौरान 1.25 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस दौरान पार्षद बहादुर सिंह ओके और शिव वर्मा ने शहर में करोड़ों की लागत से डाली गई सीवरेज लाइन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट पूरी तरह ठप पड़ा है। पार्षदों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। विधायक कंवर संधू ने सीवरेज का मुद्दा विधानसभा में उठाने और इस प्रोजेक्ट की विजिलेंस से जांच कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान पार्षद विनीत कालिया ने सब्जी मंडी में नालों से पानी ओवरफ्लो होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस समस्या का जल्द समाधान हो। पार्षद बहादुर सिंह ओके, राजदीप सिंह हैप्पी, कुलवंत कौर पाबला और अन्य ने सीवरेज लाइन डाले जाने के बाद चंडीगढ़ रोड की कॉलोनियों का जलनिकासी ठप होने का मामला उठाया। उन्होंने सड़क के दोनों तरफ पानी की निकासी के लिए नाला बनाने की मांग की। मीटिंग के दौरान निहोलका रोड श्मशान घाट को जाने वालेे रास्ते का मामला उठाया और हाउस ने श्मशान घाट के रास्ते के लिए जमीन अधिग्रहण करने को मंजूरी दे दी। इसके अलावा खेल मैदान में बने डंपिंग पिट्स का मामला उठाते हुए पार्षद बहादुर सिंह ओके और सुखजीत कौर सोढी ने इसे अन्य जगह शिफ्ट करने की बात कही। मीटिंग के दौरान हलका विधायक ने शहर में बनने व मरम्मत होने वाली सड़कों और बिना सीवरेज वाले जगहों की पहचान कर उसकी सूची तैयार करने को कहा। इस दौरान सभी पार्षद उपस्थित थे।
कैपशन : कुराली नगर काउंसिल की मीटिंग में भाग लेते पार्षद।