रोजगार मेले के दौरान 342 नौजवानों को मिली नौकरी
कांग्रेस नेता दीपइंदर सिंह ढिल्लों ने बांटे नियुक्ति पत्र
ढिल्लों बोले- पंजाब में बेरोजगारी अकाली-भाजपा सरकार की देन
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी।
पंजाब सरकार की ओर से घर-घर रोजगार देने की योजना के तहत सोमवार को सरकारी कॉलेज में इंडस्ट्री एसोसिएशन के सहयोग से रोजगार मेला लगाया गया। इस दौरान पंजाब प्रदेश कांग्रेस महासचिव दीपइंदर सिंह ढिल्लों ने मुख्य मेहमान के तौर पर शिरकत की और नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान हलके के उद्योगों व संस्थानों की ओर से युवाओं के चयन के लिए कैंप लगाया गया। इस दौरान 342 लड़के और लड़कियों को नौकरी देने के लिए चुना गया।
इस मौके पर पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान ढिल्लों ने कहा कि राज्य बेरोजगारी के शिखर पर पहुंच गई है, जो पूर्व अकाली-भाजपा सरकार की देन है। पूर्व सरकार द्वारा राज्य में बेरोजगारी रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। गठबंधन सरकार की बुरी नीतियों के कारण उद्योग यहां से पलायन कर गए। इसका खामियाजा राज्य के नौजवानों को भुगतना पड़ रहा है। अब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में फिर से उद्योगों को स्थापित किया जा रहा है।
ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से विधानसभा चुनाव के दौरान घर-घर रोजगार देने का वायदा किया गया था, इसके अंतर्गत ही राज्यभर में रोजगार मेले लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को हलका स्तरीय रोजगार मेले के दौरान बड़ी संख्या में युवा इंटरव्यू देने पहुंचे, जिनमें से 342 उम्मीदवारों का चयन हुआ।
एसडीएम परमदीप सिंह ने बताया कि सोमवार को करीब 857 नौजवानों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से अलग-अलग क्षेत्रों में 342 नौजवानों का चयन किया गया। इस मौके पर लड़कियों के लिए एक अलग काउंटर भी लगाया गया। रोजगार मेले के दौरान 40 लड़कियां नौकरी के लिए चयनित हुईं।
इंडस्ट्री एसोसिएशन के जनरल सेक्रेट्री और चेयरमैन केवल गर्ग ने बताया कि नौकरियों की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन नौजवानों का चयन किया गया है उन्हें नौकरी देने की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू कर दी जाएगी। इस मौके तहसीलदार प्रवीन कुमार, नायब तहसीलदार करमजीत सिंह, जिला बेरोजगार अफसर हरप्रीत कौर बराड़, यूथ कांग्रेसी नेता उदयवीर सिंह ढिल्लों, सीनियर कांग्रेसी नेता अमृतपाल सिंह, रणजीत सिंह रैडी, राहुल कौशिक, ब्लॉक प्रधान हरभजन सिंह, बलबीर सिंह, गुरबखश सिंह डांग, इकबाल सिंह, यूथ प्रधान गुरजीत सिंह समेत अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।
कैप्शन - नौकरी हासिल करने वाले नौजवानों के साथ कांग्रेसी नेता दीपइंदर सिंह ढिल्लों।