मोहाली। जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों के मामले रोकने के लिए सरकार ने कोरोना गाइडलाइन जारी की हुई है। इसके मद्देनजर जिला पुलिस गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कदम उठा रही है। पिछले चौबीस घंटे में पुलिस ने जहां मास्क न पहनने वाले 614 लोगों के चालान किए, वहीं बिना वजह सड़कों पर घूम रहे 129 लोगों के वाहन भी जब्त कर थानों में पहुंचाए हैं। इतना ही नहीं पुलिस ने 35 लोगों के खिलाफ केस भी दर्ज किए हैं। इनमें 25 दुकानदार, एक शराब ठेका मालिक और 9 आम लोग हैं।
एसएसपी सतिंदर सिंह ने कहा कि महामारी को हलके में नहीं लिया जा सकता है। यह सबसे नाजुक दौर चल रहा है। लेकिन कुछ लोग इस चीज को भी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
बता दें कि एक महीन से प्रशासन ने सख्ती की हुई है और अब तक एक करोड़ से अधिक रकम चालान के रूप में पुलिस वसूल चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियम तोड़ने की अनुमति किसी को नहीं है। पुलिस डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।