बनूड़/लांडरां। गांव अजीजपुर के नजदीक स्थित टोल प्लाजा के पास चलती कार में आग लग गई। आग लगने से कार बुरी तरह से जल गई व उसमें सवार दोनों लोगों ने कूदकर जान बचाई।
एएसआई सूबा सिंह ने बताया कि नाभा के निवासी बलविंद्रजीत सिंह अपने साथी अशोक कुमार के साथ जीरकपुर से मिठाई लेकर नाभा जा रहे थे। जब वह टोल प्लाजा पर पर्ची कटवाने के बाद आगे निकले ही थे कि कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते एकदम कार से आग की लपटें निकलनी शुरू हो गईं। कार में सवार दोनों व्यक्तियों ने तुरंत छलांग लगा दी। टोल प्लाजा पर आग बुझाने का कोई भी प्रबंध न होने के कारण कार पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई। बाद में डेराबस्सी से आई फायरब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। हवलदार महिंद्र सिंह ने बताया कि कार सवार दोनों व्यक्ति सुरक्षित हैं।