मोहाली। बच्चों को सुलेख के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहली से पांचवीं कक्षा के स्टूडेंट्स को आगामी परीक्षाओं में 5 अंक दिए जाएंगे। सचिव स्कूल शिक्षा कृष्ण कुमार ने बताया कि इसके लिए राज्य शिक्षा खोज एवं सिखलाई परिषद पंजाब ने हिदायतें जारी कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि एग्जाम में सुंदर लिखाई बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह एक हुनर है और इसको सराहा जाना चाहिए। पढ़ो पंजाब, पढ़ाओ पंजाब प्रोजेक्ट के तहत समय-समय पर विशेष शिविरों द्वारा बच्चों को अक्षरों की सही बनावट व सुंदरता के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्राइमरी कक्षाओं के स्टूडेंट्स के लिए सुलेख प्रतियोगिताएं पंजाबी, हिंदी व अंग्रेजी भाषाओं में आयोजित की जा रही हैं। सुलेख के विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा एक विशेष कार्यशाला का आयोजन भी विभाग द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्कूलों में बच्चों की कॉपियों की जांच करते समय, लेखन के बारे में सकारात्मक टिप्पणी करने का प्रयास करें।