गमाडा ने अपने अधीन आने वाले एरिया के लोगों को दी बड़ी राहत
अब दस हजार तक के बिल की अदायगी चेक से कर पाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथारिटी (गमाडा) ने शहर के सैकड़ों लोगों को बड़ी राहत दी है। अब दस हजार रुपये तक के पानी के बिल व सीवरेज सेस की अदायगी के लिए उन्हें डिमांड ड्राफ्ट नहीं बनाना पड़ेगा। बल्कि वह चेक के माध्यम से भी इसका भुगतान कर पाएंगे। गमाडा मैनेजमेंट ने इस संबंधी आदेश अपनी सभा शाखाओं को जारी कर दिए हैं। साथ ही लोगों को उक्त सुविधा का पूरा लाभ उठाने की अपील की है।
जानकारी के मुताबिक गमाडा के अधीन सेक्टर-65 से 69, सेक्टर-76 से अस्सी, एयरोसिटी, आईटी सिटी व इको सिटी न्यू चंडीगढ़ में पानी की सप्लाई की जाती है। गमाडा द्वारा इन एरिया में पानी की चौबीस घंटे सप्लाई की जाती है, लेकिन अधिकतर लोगों के पानी के बिल ज्यादा आते थे। जब लोग भुगतान करते थे तो उन्हें डिमांड ड्राफ्ट आदि बनाने में काफी दिक्कत आती थी। इसके बाद यह मामला उच्च अधिकारियों की मीटिंग में उठा। इसके बाद मीटिंग में मंथन हुआ। साथ ही इस दिशा में कार्रवाई करने संबंधी फैसला लिया गया। इस मौके विभाग के अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि यदि पानी के बिल व सीवरेज सेंस का भुगतान चेक के माध्यम से लोग करना चाहते तो उन्हें अदायगी की आखिरी तारीख से तीन पहले करना होगा। इसके अलावा गमाडा ने अपने आदेश में साफ कर दिया है कि यदि पानी के बिल व सीवरेज सेस की राशि दस हजार से अधिक होगी तो उसके लिए उन्हें डिमांड ड्रॉफ्ट के जरिए भुगतान करना होगा। इसके अलावा ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है।
जिक्रयोग है कि गमाडा के अधीन आने वाले सेक्टरों के लोग पानी के रेटों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। लोगों का कहना है गमाडा अपने अधीन एरिया के लोगों से नौ रुपये प्रति हजार लीटर पानी के रेट वसूल रहा है। जबकि नगर निगम के एरिया में यह रेट 1.80 रुपये है। इससे लोगों की जेब पर बोझ पड़ रहा है।