नयागांव। पानी की किल्लत से जूझ रहे नयागांव के लोगों के लिए पानी की कमी सबसे बड़ी समस्या है। फिलहाल इलाके में कुल 35 ट्यूबवेल लगे हैं और इनमें से भी 12 खराब पड़े हैं, केवल 23 ही चालू हालत में हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे में पानी की कमी कैसे पूरी होगी, जबकि इलाके में आबादी के हिसाब से अभी कुल 50 ट्यूबवेल की जरूरत है। जो चल रहे हैं इनमें से कई ट्यूबवेल खस्ता हालत में हैं तो कुछ की मरम्मत समय पर न होने के कारण खराब होते रहते हैं। पानी की समस्या पर जल आपूर्ति विभाग का ध्यान भी नहीं है और प्रशासन सुध तक नहीं लेता।नयागांव के स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में करीब 50 ट्यूबवेल की दरकार है। जबकि यहां सिर्फ 35 ट्यूबवेल ही लगवाए गए हैं। इसमें से 12 नए हैं और बाकी पुराने। जो पुराने ट्यूबवेल हैं उनकी मरम्मत न होने के कारण वह खराब हालत में हैं। इतना ही नहीं, आदर्श नगर के लिए कोई ट्यूबवेल है ही नहीं। इतना ही नहीं, कहीं यदि ट्यूबवेल ठीक है तो बिजली की समस्या है। ट्यूबवेल में कोई बिजली की व्यवस्था की नहीं गई है जिससे कि बिजली न आने की सूरत में भी पानी की सप्लाई की जा सके। बिजली में उतार चढ़ाव के कारण कई बार मोटर भी फुंक जाती है, जिससे पानी की सप्लाई बाधित होती है।
बिजली जाने पर नहीं आता पानी
नयागांव में जो ट्यूबवेल लगे हैं उन पर सोलर सिस्टम लगाया जाए या जेनरेटर की व्यवस्था की जाए जिससे बिजली जाने पर भी पानी की सप्लाई सुचारू रूप से चलती रहे। फिलहाल न किसी टेबल पर कोई सोलर सिस्टम है नहीं कोई जनरेटर है। जिससे बिजली जाने पर पानी नहीं आता है। -भूपेंद्र सिंह भूपी वार्ड-19 आदर्श नगर, नयागांव
सप्लाई का टाइम टेबल एक हो
पानी की आपूर्ति वाले ट्यूबवेल ऑपरेटर को अच्छी ट्रेनिंग देनी चाहिए। पीने के पानी की सप्लाई चलाने का सही तरीके से टाइम टेबल बनाना चाहिए। जिससे समय-समय पर प्रत्येक एरिया में प्रत्येक वार्ड में एक ही समय पर पानी दिया जा सके ताकि पानी का इस्तेमाल का उचित समय मिले सके। -कुलदीप कल्याण वार्ड नंबर 15 नयागांव
पाइप का लेवल ठीक करें
इलाके में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई के लिए जगह-जगह ढंग से वॉल लगाई जाए। जो पाइप ऊंची नीची हैं उनका लेवल ठीक करें। पीने के पानी की पाइपलाइन में कहीं पर लीकेज है तो समय-समय पर चेक करके ठीक किया जाए। पीने के पानी के ट्यूबवेल की संख्या बढ़ाई जाए। -ऋषि पाल वार्ड नंबर 16 नयागांव
लीकेज समय पर ठीक करें
कई बार ट्यूबवेल की मोटर पानी नहीं उठा पाती। जनता कॉलोनी वार्ड नंबर 15-16 में कई जगह पाइपलाइन में लीकेज भी है। जिसकी वजह से हाई प्रेशर से पानी सप्लाई नहीं होता। लीकेज का ध्यान रखना चाहिए। जितनी भी लीकेज है उनको समय पर ठीक करते रहे। -शिवकुमार पूर्व पंच 15 16 वार्ड नयागांव
फ्यूज उड़ने से बंद होती है मोटर
जनता कॉलोनी में जो ट्यूबवेल हैं, उनकी मरम्मत समय-समय पर होनी चाहिए। हरेक वार्ड को उसके ही ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई दी जानी चाहिए। जब ऑपरेटर वार्ड का पानी खोल देता है तो उसको बंद करने तक ट्यूबवेल पर रहना चाहिए। कई बार फ्यूज उड़ जाते हैं या किसी कारण मोटर बंद हो जाती है। -रविंद्र कुमार पूर्व पंच, वार्ड 15- 16, नयागांव