जीरकपुर। इलाके में एक व्यक्ति को व्यापार में पैसे निवेश करवाकर 12 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जीरकपुर थाना पुलिस ने पंचकूला के रहने वाले सतीश कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान जीरकपुर निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता सतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उक्त आरोपी ने उसे फलों के बाग के व्यापार को लेकर पैसे लगाने को कहा। उसने इस बारे में मना कर दिया लेकिन अपने भतीजे नरेश से पैसे लगाने की बात की तो उसने अनिल के व्यापार में 10 लाख रुपये लगा दिए। इसके भतीजे को 18 हजार रुपये महीने पर रख लिया। तीन-चार महीने वेतन देने के बाद पैसे नहीं दिए। इसके बाद कहा कि दो लाख रुपये और देने होंगे। ऐसा नहीं करने पर सारे पैसे डूब जाएंगे। इस पर दो लाख रुपये और दिए लेकिन न तो कोई मुनाफा मिला और न ही पैसे लौटाए। इतना ही नहीं, सिक्योरिटी के रूप में दिए चेक बाउंस हो गए। संवाद