बेस्टेक बिजनेस टॉवर में कामर्शियल यूनिट के नाम पर 12 लाख ठगे
एसएसपी के आदेश पर जांच करने के बाद दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। सेक्टर-66 स्थित बेस्टेक बिजनेस टॉवर में कामर्शियल यूनिट दिलाने के नाम पर 12 लाख रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में थाना फेज-11 की पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान विपल शर्मा और पल्लव शर्मा निवासी सेक्टर-66 के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता रूपाल गोयल निवासी सेक्टर-20 पंचकूला ने 30 जनवरी, 2023 को एसएसपी कार्यालय में दी शिकायत में बताया था कि उक्त आरोपियों ने उससे सेक्टर-66 स्थित बेस्टेक बिजनेस टॉवर में कामर्शियल यूनिट दिलाने के नाम पर 12 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद न तो उसे वह यूनिट दिया और न ही पैसे लौटाए। इससे परेशान होकर उन्होंने इस संबंधी शिकायत एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग को दी। इसके बाद अब थाना फेज-11 की पुलिस ने जांच करने के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।