कटौती से बिजली के उपकरणों का संचालन हुआ प्रभावित, मोटर नहीं चलने से पानी की हुई किल्लत
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। वीआईपी रोड की सावित्री अपार्टमेंट और सावित्री टॉवर्स सोसाइटी में 24 घंटे के दौरान करीब 12 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे हजारों निवासी भीषण गर्मी और उमस के बीच परेशान रहे। करीब 600 परिवारों को बिजली गुल होने से मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण बीमार और बुजुर्ग लोगों को विशेष परेशानी हुई। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई। स्थानीय निवासियों नागेश्वर भट्ट, प्रीति गर्ग, बीके शर्मा और आशीष वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिजली की आंख-मिचौली चल रही है। हालांकि, 24 घंटे में स्थिति बेहद खराब हो गई। निवासियों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से घरों में लगे बिजली उपकरणों का संचालन प्रभावित हो रहा है। पानी की मोटरों को चलाने में भी दिक्कत आ रही है। निवासियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बंद हुई थी। खबर लिखे जाने तक शाम करीब पांच बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति गहरा रोष है। उन्होंने अधिकारियों से जल्द नियमित बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
निवासियों की परेशानी और मांग
लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। भीषण गर्मी और उमस ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। बिजली न होने से दैनिक कामकाज भी प्रभावित हुए। निवासियों ने अधिकारियों से आपूर्ति बाधित होने के कारण को दूर करने की अपील की है। उन्होंने नियमित बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोट
क्षेत्र में बिजली का खंभा टूटने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। खंभे को बदलने का काम जारी है। जल्द ही काम पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। -राकेश भाटिया, एसडीओ, पीएसपीसीएल