मोहाली। बलौंगी-कुंभड़ा मार्ग पर वीरवार को चलते कैंटर में आग लग गई। कैंटर चालक ने मौके से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम व इलाके के लोग इकट्ठे हो गए, जिन्होंने आग को बुझाने में मदद की। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस ने कुछ समय के लिए रोड से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी।
चालक राजिंद्र सिंह कैंटर पर परचून का सामान लोड करके लुधियाना से मोहाली की ओर आ रहा था। बलौंगी-कुंभड़ा रोड पर पहुंचा तो अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक ने जैसे ही कैंटर को रोका तो इंजन ने आग पकड़ ली और कैंटर का अगला हिस्सा जलने लगा। चालक ने तुरंत छलांग लगा दी। लोगों ने फायर ब्रिगेड को फोन करने की कोशिश, लेकिन नंबर नहीं मिल सका। इसके बाद नजदीक स्थित एक होटल में लगे अग्निशमन यंत्र लेकर कर्मचारी पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। थोड़ी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची और आग पर काबू पाया। राजिंद्र का कहना था कि कैंटर में लोड किया सामान आग की चपेट में आने से बच गया है।
जिक्रयोग है कि यह पहला मौका नहीं है जब इस तरह का हादसा हुआ है। इससे पहले एयरपोर्ट रोड पर बलौंगी के पास चलती कार में आग लग गई थी। कार में से कूदकर छह लोगों ने जान बचाई थी। इसी तरह सेक्टर-66 में एक कार को आग लगी थी। इसके अलावा सेक्टर-104 में एक कार को आग लग गई थी। इसमें एक नामी कंपनी के जीएम की मौत हो गई थी।