मुलाजिमों ने ट्रैक्टर ट्रालियां गेट के सामने लगाकर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूूरो
कुराली। काउंसिल के उप प्रधान की ओर से काउंसिल कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर चेक करने को लेकर रोष में आए कर्मचारियों ने दफ्तर का काम बंद करके काउंसिल दफ्तर के आगे रोष धरना दिया। कर्मचारियों ने काउंसिल के गेट के आगे ट्रैक्टर ट्रालियां लगाकर रोष धरना दिया। उन्होंने कहा कि उप प्रधान द्वारा काउंसिल के कर्मचारियों के गैर-हाजिर होने का दावा किया गया है जबकि काउंसिल का कोई कर्मचारी गैर हाजिर नहीं था। केवल दो मुलाजिम छुट्टी पर थे और अन्य अपनी सीटों पर काम कर रहे थे। इसी दौरान कर्मचारियों ने रोष प्रगट करते हुए नारेबाजी की। रोष धरने दौरान कर्मचारियों ने यूनियन के राजेश कुमार, छांगा राम और अन्य के नेतृत्व में काउंसिल प्रधान और ईओ को एक मांग पत्र सौंपा।
इसी दौरान काउंसिल के उप प्रधान दविन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके द्वारा यह कार्रवाई काउंसिल में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर हाजिरी यकीनी बनाने के लिए की गई थी।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंधी संपर्क करने पर निकाय विभाग के डायरेक्टर करनेश शर्मा ने कहा कि अभी तक यह मामला उनके ध्यान में नही आया। मामले संबंधी जानकारी प्राप्त करके बनती कार्रवाई की जाएगी।
फोटो कैपशन : कुराली नगर कौंसिल दफतर के आगे हड़ताल पर बैठे कर्मचारी रोष व्यक्त करते हुए।