एक्वायर जमीन की हुई अदायगी, बाईपास का काम शुरू
बाईपास बनने से इलाके के आम लोगों को मिलेगा फायदा
जाम के चक्कर में लोगों को नहीं उठानी पड़ेगी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली।
कुछ गांवों में बाईपास के निर्माण के लिए अधिगृहीत की गई जमीन की अदायगी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके बनने से शहर वासियों और वाहन चालकों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
शहर से गुजरते मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत देने के लिए बाईपास के निर्माण के लिए जमीन अधिगृहीत की गई थी। उसमें कई जगहों पर खसरा नंबर न होने के कारण हाईवे का काम रुक गया था। अब जमीन की अदायगी होने से काम फिर शुरू हो गया है। खरड़ से पडियाला तक फोर लेन और इसके साथ सर्विस लेन का काम भी शुरू हो गया है। सर्विस लेन का काम पूरा होने से भी ट्रैफिक की समस्या हल हो जाएगी। इसके अलावा गांव चंझेड़ी और भागोवाल की जमीन में भी सड़क के साथ-साथ सर्विस लेन का काम शुरू कर दिया गया है, जिससे बाईपास के साथ लगती जमीनों के किसानों को भारी राहत मिलेगी।
कुराली बाईपास का पडियाला से मोरिंडा रोड तक का हिस्सा पहले ही पूरा किया जा चुका है। इस हिस्से पर लाइटें लगाने का काम भी हो चुका है। जबकि ध्यानपुरा से बनमाजरा तक सड़क का काम कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा। गांव ध्यानपुरा में लगती रेलवे लाइनों के ऊपर बनने वाले फ्लाईओवर का काम रेलवे विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। बाईपास का अन्य काम पूरा होने की कगार पर है, इसे देख रेलवे विभाग ने भी फ्लाईओवर बनाने की गति तेज कर दी है।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर दविंदरपाल सिंह ने कहा कि कंपनी द्वारा बाईपास निर्माण का अधिकतर काम पूरा कर लिया गया है। लैंड मिसिंग पर लैंड एक्यूजेशन होने से वहां पर भी काम तेजी से किया जा रहा है जिसको कुछ ही दिनों में पूरा कर दिया जाएगा। रेलवे लाइन पर फ्लाईओवर बनने के बाद बाईपास का काम पूरा हो जाएगा।