कनाडा और इंडोनेशिया की जाली टिकट थमाकर ठगे 1.11 लाख, दंपती नामजद
पंचकूला निवासी महिला ने ऑनलाइन नंबर सर्च करके टिकट बुक कराने के लिए किया था संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शहर के फेज-10 स्थित एक निजी कंपनी ने कनाडा और इंडोनेशिया का नकली टिकट थमाकर एक महिला से 1.11 लाख रुपये की ठगी की है। इस संबंधी थाना फेज-11 की पुलिस ने एक दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान राहुल चड्ढा और उसकी पत्नी प्रीति शर्मा निवासी फेज-10 के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता डॉ. नवजीत कौर निवासी सेक्टर-20 पंचकूला ने बताया कि कनाडा जाने के लिए उन्होंने उक्त आरोपियों का नंबर ऑनलाइन सर्च करके संपर्क किया था। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कनाडा और इंडोनेशिया की टिकट के लिए 1.11 लाख रुपये मांगे जो उन्होंने उक्त आरोपियों को दे दिए। इसके बाद उन्होंने उसे टिकट दे दी। वहीं, जब उनकी यात्रा का समय पास आया तो उन्होंने कंपनी से संपर्क किया तो उनका फोन नंबर बंद आने लगा। इसके बाद उन्होंने उस एयरलाइन से संपर्क किया जिसका टिकट था, तब उन्हें पता चला कि यह टिकट नकली हैं। इस पर वह उनके दफ्तर जाकर पहुंची तो देखा कि वहां ताले लगे हुए थे। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी।
कनाडा टूर के ग्रुप के और लोगों को भी ठगा
इस मामले में पीड़ित डॉ. नवजीत कौर ने बताया कि उनके ग्रुप में और भी लोग कनाडा के टूर पर जाने वाले थे। इन सबको भी उन्होंने नकली टिकट थमाकर ठगी की है। वे भी जल्द ही इस संबंध में पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग करने के लिए कह रहे हैं।