मोहाली। पंजाब सरकार के खेल विभाग ने खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स विंग स्कूलों में दाखिला देने के लिए मोहाली के अलग-अलग खेल स्थलों पर मंगलवार को ट्रायल्स शुरू किए। पहले दिन एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, जिमनास्टिक और वेटलिफ्टिंग के लगभग 110 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन खिलाड़ियों का फिजिकल फिटनेस टेस्ट और स्किल टेस्ट लिया गया।
जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार बेगरा ने बताया कि सेक्टर-78 के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में कई खेलों के ट्रायल्स कराए गए। ये ट्रायल्स 12 अप्रैल तक चलेंगे। कुराली के आवासीय स्पोर्ट्स विंग खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुराली के फुटबॉल अंडर-14 और अंडर-17 (लड़के) के ट्रायल 11 और 12 अप्रैल को सेक्टर-78 के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित किए जाएंगे। जो भी खिलाड़ी इन खेल विंगों में भाग लेना चाहते हैं वे सुबह नौ बजे तक खेल स्थल, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और खेल उपलब्धियों के मूल प्रमाण पत्र के साथ ट्रायल में उपस्थित हो सकते हैं।