मोहाली। महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रेपरेटरी इंस्टीट्यूट, सेक्टर-77 के 11 कैडेटों का एनडीए और अन्य प्रमुख रक्षा प्रशिक्षण अकादमियों में चयन हुआ है। यह उपलब्धि पंजाब सरकार के उस प्रयास का परिणाम है, जिसके तहत युवाओं को सशस्त्र बलों में करियर के लिए तैयार किया जा रहा है।
रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि संस्थान की स्थापना से अब तक कुल 289 कैडेट विभिन्न रक्षा अकादमियों में चयनित हो चुके हैं, जो संस्थान की मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है। उन्होंने चयनित कैडेटों को बधाई देते हुए देश सेवा के लिए पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, आठ कैडेटों का एनडीए के 155वें कोर्स के लिए चयन हुआ है। इसके अलावा एक कैडेट का चयन इंडियन नेवल अकादमी, जबकि दो कैडेटों का चयन तकनीकी एंट्री स्कीम और मिलिट्री कॉलेजों में हुआ है। मंत्री ने कहा कि ये युवा न केवल पंजाब बल्कि देश का नाम रोशन करेंगे और आने वाले समय में सशस्त्र बलों में अनुकरणीय अधिकारी बनकर उभरेंगे।