मोहाली। कनाडा का वर्क परमिट दिलाने का झांसा देकर 10.20 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पंजाब स्टेट क्राइम थाना ने मोहाली के एक इमिग्रेशन कंपनी के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (पीबीआई) की जांच और फैक्ट शीट के आधार पर की गई।
फतेहगढ़ साहिब के गांव बडला कोटला निवासी अर्शप्रीत कौर ने पीबीआई को शिकायत देकर आरोप लगाया कि मोहाली फेज-1 के इमिग्रेशन कंपनी के कर्मचारियों ने उसे कनाडा का वर्क परमिट दिलाने और वहां स्थायी करवाने का भरोसा दिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार कंपनी की महिला कर्मचारियों शिवानी, रिधिमा और समृद्धि सहित अन्य लोगों ने उससे अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस के माध्यम से कुल 10 लाख 20 हजार रुपये लिए थे।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि रकम लेने के बाद न तो उसका वीजा लगवाया गया और न ही रुपये लौटाए गए।
जब वह अपने रुपये वापस लेने कंपनी के दफ्तर पहुंची तो कार्यालय बंद मिला। इसके बाद उसने मामले की शिकायत एसएसपी मोहाली और बाद में पीबीआई को दी। मामले की जांच इंस्पेक्टर नवप्रीत कौर ने की। जांच के दौरान रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की गई। साथ ही प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, विदेश मंत्रालय से भी जानकारी हासिल की गई। जांच में सामने आया कि ऐसी कोई संबंधित फर्म का रिकॉर्ड उनके पास पंजीकृत नहीं मिला।
स्टेट क्राइम थाना मोहाली ने कंपनी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।