मोहाली। महीनेभर काम करने के बाद दिहाड़ी लेकर घर लौट रहे एक मजदूर से एक्टिवा सवार दो झपटमारों ने चाकू दिखाकर 10 हजार रुपये लूट लिए। हालांकि पुलिस ने एक आरोपी जामिर मोहम्मद निवासी गांव सहौड़ा को काबू कर लिया है। फरार साथी की तलाश जारी है। दोनों के खिलाफ थाना फेज-1 में बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बलौंगी के बड़माजरा के रहने वाले शिकायतकर्ता शत्रुघ्न ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि 17 जुलाई रात पौने 9 बजे की है। वह सेक्टर-74 में दिहाड़ी लगाकर आया था। ठेकेदार ने उसे महीने की दिहाड़ी का हिसाब से 10 हजार रुपये दिए थे। वह दिहाड़ी लेकर मलोया गया और लौटते समय उसे एक्टिवा सवार दो युवकों ने घेर लिया। उन्होंने पहले उससे बीड़ी मांगी। जब उसने कहा कि नहीं है तो उसे गले से पकड़ लिया और मुंह पर थप्पड़ मारे। एक युवक ने चाकू निकाला और उसकी जेब से 10 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों से पता चला कि दोनों आरोपी एक अन्य वारदात को अंजाम देने गए थे जहां वारदात से पहले पुलिस ने एक युवक को काबू कर लिया जबकि दूसरे की तलाश जारी है।