जीरकपुर। बलटाना के सन्नी एनक्लेव में शुक्रवार को सीएम के सुरक्षा सलाहकार के दबाव में कॉलोनी का रास्ता बंद करवाने के लिए पूरा पुलिस अमला सुबह से शाम तक डटा रहा। वहीं कॉलोनी के लोगों को अपने हक के लिए बीच रास्ते में बैठना पड़ा। लोगों का कहना था कि लाखों रुपये खर्च कर यहां मकान बनाया है और अब कॉलोनी का रास्ता बंद नहीं होने देंगे। अगर पुलिस ने दबाव बनाया तो यहीं अपने आपको जलाकर मार देंगे और इसके जिम्मेदार सीएम के सुरक्षा सलाहकार सहित यहां मौजूद तमाम पुलिस कर्मी होंगे।
दिनभर कॉलोनी का माहौल तनावपूर्ण रहा। मौके पर मौजूद कॉलोनीवासी सुजाता सिंह, कृष्ण लाल, नमिता झा, नूतन झा, सतपाल गुप्ता, बिंदिया व सुनीता यादव ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री के सुरक्षा दस्ते में तैनात एक पुलिस के सेवामुक्त उच्च अधिकारी के दबाव में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी धक्केशाही करने की फिराक में है, जबकि उन्होंने अपने मकानों के नक्शे नगर काउंसिल से पास करवाए हैं और उनकी कॉलोनी का नक्शा भी पास है।
विरोध स्वरूप भगवान की शरण लेकर रास्ते में ही तंबू गाड़कर भजन कीर्तन कर रही महिलाओं ने बताया कि उनमें से ज्यादातर के पति देश की सरहदों की रक्षा के लिए बॉर्डर पर या फिर जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। इस समय उनके पतियों के साथ बात भी नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा पास की गई कॉलोनी में अपने सपनों का आशियाना बनाने के लिए जीवन भर की पूंजी लगा दी, लेकिन मुख्यमंत्री पंजाब के सुरक्षा सलाहकार जिसका इसी कॉलोनी में ही घर है, का उन्हें यहां बसाने वाले जसपाल सिंह से कोई निजी मतभेद है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन उनके रास्ते को बंद करने पर आमादा है।
खबर लिखे जाने तक डीएसपी गुरबख्शीश सिंह दोनों पक्षों के साथ बंद दरवाजा मीटिंग कर किसी सैद्धान्तिक सहमति बनाने की कोशिश कर रहे थ। हालांकि सूत्रों से पता चला है कि यह मामला कल पर टाल दिया गया है। यहां पर यह भी बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के सुरक्षा सलाहकार से जुड़े इस हाईप्रोफाइल मामले में कांग्रेस के राज्य सचिव जसपाल सिंह की इस लड़ाई में उनकी अपनी ही पार्टी के स्थानीय नेताओं ने भी कोई साथ नहीं दिया।
दीवार तोड़ने की सहमति के बाद अब कुछ लोग जानबूझकर अड़ंगा डाल रहे : जसपाल सिंह
शुक्रवार को मौके पर डीएसपी डेराबस्सी गुरबख्शीश सिंह, नगर काउंसिल के ईओ मनवीर सिंह गिल और थाना प्रमुख इंस्पेक्टर गुरचरण सिंह, बलटाना पुलिस चौकी इंचार्ज भिन्दर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे ताकि दोनों पक्षों में कोई विवाद न हो सके। सुबह एसएचओ जीरकपुर ने दोनों पक्षों को पुलिस स्टेशन बुलाया था जहां पर सन्नी एनक्लेव में पुराने रह रहे प्रधान अतुल जौली, बलदेव सिंह, मुकेश कुमार, एससी ढल, हरपाल सिंह नरेश व अन्य रास्ता बंद करने की मांग पर अड़ गए। इन्हें कथित तौर पर मुख्यमंत्री के सुरक्षा सलाहकार का समर्थन प्राप्त है। इस बारे में जानकारी देते जमीन के मालिक जसपाल सिंह ने बताया कि उसने अपनी पैतृक जमीन में सन्नी एन्क्लेव के नाम पर कॉलोनी काटी थी। यहां उसकी ओर से कुछ जमीन पर पहले प्लॉट बेचे और कुछ जमीन पर बाद में प्लॉट बेचे। इस दौरान दोनों कॉलोनियों के बीच बने रास्ते में बनाई अस्थायी दीवार को अपनी मलकीयत जमीन पर आगे कॉलोनी विकसित करने पर लिखित सहमति हुई है परन्तु बाद में कॉलोनी के कुछ निवासी दीवार न तोड़ने पर अड़ गए पर लोक अदालत ने इसे तोड़ने का आदेश दे दिया। लोगों की मांग पर उन्होंने अस्थायी दीवार को हटाकर आश्वासन दिया कि वे उन्हें दूसरी तरफ गेट लगवा कर देंगे। कलोनी के दूसरे हिस्से के प्रधान स्वप्न कुमार ने बताया कि दूसरे तरफ के लोग उनसे धक्केशाही कर रहे हैं।