सिविल अस्पताल में रविवार सुबह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा लगाए गए मेगा रक्तदान कैंप में मात्र 10 यूनिट रक्त ही एकत्र हो पाया।
कैंप में शहर भर के डॉक्टरों ने हिस्सा लिया मगर 10 यूनिट खून एकत्र करने के लिए प्रबंधकों को एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा। कैंप में एसडीएम राकेश कुमार भी पहुंचे। रक्तदानियों की कमी के चलते कुछ डॉक्टरों ने खुद ही रक्तदान किया वहीं अस्पताल में आए लोगों को को पकड़-पकड़ कर रक्तदान करवाया गया।
ब्लड बैंक के विजय कुमार ने बताया कि इस मेगा कैंप में सिर्फ 10 यूनिट रक्त एकत्र हुआ है। जिस कारण कैंप को जल्दी निपटा दिया गया। वहीं आईएमए के जिलाध्यक्ष डॉ. रणजीत सिंह रायपुरी ने कहा कि पता नहीं रक्तदानी इस कैंप में क्यों नहीं आए। उन्होंने कहा कि ऐसे कैंप लोगों की मदद का जरिया बनते हैं, इसलिए लोगों को इनमें शमूलियत करनी चाहिए थी।
सूत्रों के अनुसार आईएमए द्वारा लगाए जाने वाले इस मेगा कैंप में रक्तदानियों के बड़ी तादाद में आने की संभावना थी जिसके चलते डेरा प्रेमियों द्वारा लगाए जाने वाले रक्तदान कैंप को आगे खिसका दिया गया था।