सुनाम के मोरांवाली में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान जरनैल सिंह पुत्र चेतू सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जिला पटियाला के गांव खेड़ी नगाहीयां का रहने वाला था और वर्तमान में मोरांवाली के दशमेश नगर में रह रहा था। वह स्थानीय गुरुद्वारे में सेवा निभाता था।
पुलिस चौकी नई अनाज मंडी (सुनाम) के सहायक थानेदार राम सिंह ने बताया कि पहली पत्नी की मौत के बाद जरनैल सिंह ने करीब दो-तीन साल पहले चरनजीत कौर नाम की महिला से शादी की थी। संतान न होने के कारण वह पिछले कुछ समय से काफी मानसिक तनाव में रहता था। इसी डिप्रेशन के चलते उसने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पत्नी चरनजीत कौर के बयानों के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।