पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा, पहचान में जुटी कमिश्नरेट पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। वीरवार सुबह ढंढारी में नेशनल हाईवे किनारे हार्वेस्टिंग पिट से एक युवक का गला हुआ शव मिला। इससे हत्या कर फेंके जाने की आशंका है।
सूचना पर साहनेवाल पुलिस मौके पर पहुंची और नगर निगम कर्मचारियों की मदद से शव बाहर निकाला। आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव की अवस्था से लगता है कि मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी। पुलिस हत्या और हादसे दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। शव को 72 घंटे के लिए अस्पताल के शवगृह में पहचान के लिए रखा गया है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि पहचान के प्रयास जारी हैं। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।