डाबा के ईश्वर नगर इलाके में एक युवक ने सोमवार को गुरुद्वारा साहिब के अंदर घुसकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने की कोशिश की। समय रहते गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी और कमेटी सदस्यों ने उसे काबू कर लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना डाबा के एसएचओ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ईश्वर नगर निवासी गुरदीप सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और गुरुद्वारा साहिब की तोड़ फोड़ करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को मंगलवार अदालत में पेश करेगी। पुलिस ने दावा किया है कि बेअदबी की कोशिश करने वाला युवक आम आदमी पार्टी से संबंध रखता है और उसने आम आदमी पार्टी की ही टीशर्ट पहन रखी थी। जबकि जिस टी शर्ट को पहने आरोपी पुलिस पार्टी के साथ मौजूद है उसमें उसकी टीशर्ट पर शहीद भगत सिंह की फोटो लगी है।
एडीसीपी जीएस औलख ने कहा कि सुबह करीब दस बजे एक युवक गुरुद्वारा साहिब के पास आया और शीशा तोड़ जूतों समेत ही अंदर चला गया। गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी और पूर्व पार्षद जसपाल सिंह संधू ने शीशा टूटने की आवाज सुनी तो सब लोग अंदर गए। अंदर उन्होंने देखा कि आरोपी युवक श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों की तरफ बढ़ रहा था। सभी ने मिलकर आरोपी को काबू किया और उसकी पिटाई कर दी। बेअदबी की कोशिश की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह माहौल को शांत किया और युवक को काबू कर लिया।