लुधियाना। शिमलापुरी के मोहल्ला गोबिंद नगर की गली नंबर 14 में शुक्रवार की एक युवक ने परिवार वालों के साथ झगड़ा कर पवित्र ग्रंथ गुटका साहिब की बेअदबी कर डाली। आरोपी ने पवित्र ग्रंथ के पन्ने फाड़ कर घर के बरामदे और गली में फेंक दिए। घटना का पता शनिवार की सुबह उस समय पता चला जब पड़ोसी सतनाम सिंह ने देखा। उन्होंने सबसे पहले पवित्र अंग इकट्ठा किए और सामने गली में गुरुद्वारा साहिब में हेड ग्रंथी को सौंपे। थाना डाबा के एसएचओ इंस्पेक्टर पवित्र सिंह और एएसआई गुरबक्शीश सिंह ने लोगों की मदद से आरोपी बलविंदर सिंह उर्फ टिंकू को काबू कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपी के पिता गुरदीप सिंह ने बताया कि बलविंदर सिंह टिंकू फेरी लगाकर सामान बेचता है और नशा करने का आदी है। अधिक नशा करने की आदत के कारण वह किसी को भी अपने कमरे में घुसने नहीं देता है। कोई उसके कमरे में जाने की सोचता है तो आरोपी उसके साथ मारपीट करता है। अक्सर घर में क्लेश करता था। शुक्रवार की रात को भी उसने घर पर नशे की हालत में परिवार वालों के साथ झगड़ा किया। घर में तोड़फोड़ की और काफी सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी।
गुरदीप सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके बेटे को डांट फटकार लगाकर चली गई। पुलिस के जाने के बाद सब लोग सो गए और आरोपी ने परिवार वालों को फंसाने के लिए पवित्र ग्रंथ गुटका साहिब के पन्ने फाड़ कर बिखेर दिए। पड़ोसी सतनाम सिंह सुबह जागे तो बाहर आने पर उन्हें पता चला। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में इसकी जानकारी दी। आरोपी टिंकू के देर रात को परिवार वालों के साथ झगड़ा करने की बात उन्हें मालूम थी। पर इलाके के लोगों ने परिवार वालों से कुछ नहीं कहा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना डाबा के एसएचओ इंस्पेक्टर पवित्र सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पवित्र अंग गुरुद्वारा साहिब में सम्मान के साथ पहुंचा दिए गए हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।