बठिंडा के रामपुरा क्षेत्र के भगता भाईका में अपने हिस्से में कम जमीन आने से नाराज नहरी विभाग के विजिलेंस विंग में तैनात एसई (सीनियर एक्सईएन) गुरजिंदर सिंह ने वीरवार की रात मौसेरे भाई सुरिंदर पाल सिंह के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे सिर में गोली लगने से कुछ दिन पहले कनाडा से लौटी राजविंदर कौर (30) की मौत हो गई। वहीं युवती के पिता दर्शन सिंह, सुरिंदर पाल सिंह एवं रुपिंदरजीत सिंह गोली लगने से घायल हो गए।
घटना के बाद भाग रहे आरोपी को घायल दर्शन सिंह ने पकड़ने का प्रयास किया तो छीनाझपटी में गोली चल गई और सिर पर छर्रे लगने से आरोपी भी घायल हो गया। सभी घायलों को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
थाना दयालपुरा के इंस्पेक्टर अमनपाल सिंह विर्क ने बताया कि सुरिंदरपाल सिंह निवासी भगता भाईका अविवाहित है। उसने अपने जानकार दर्शन सिंह की बेटी राजविंदर कौर निवासी गांव ठठी भाईका जिला मोगा को गोद ले रखा था। उसे पढ़ा लिखाकर उसने कुछ वर्ष पहले कनाडा भेज दिया था।
राजविंदर कौर कुछ दिन पहले ही कनाडा से वापस आई थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि सुरिंदरपाल सिंह के हिस्से में उसके ननिहाल से 30 एकड़ जमीन आई थी। उसके मौसेरे भाई गुरजिंदर सिंह एसई विजिलेंस नहरी विभाग निवासी बठिंडा के हिस्से में कम जमीन आ रही थी। इसी बात को लेकर एसई अपने मौसेरे भाई सुरिंदर पाल सिंह से रंजिश रखने लगा था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि वीरवार को एसई गुरजिंदर सिंह की फोन पर राजविंदर कौर के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई थी। उन्होंने बताया कि वीरवार की रात सुरिंदरपाल सिंह अपने जानकार दर्शन सिंह, राजिवंदर कौर और भांजे रुपिंदरजीत सिंह के साथ घर में सो रहा था। रात करीब डेढ़ बजे एसई गुरजिंदर सिंह मौसेरे भाई सुरिंदर पाल सिंह के घर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी ने पिस्टल से कुल आठ फायर किए। एक गोली राजविंदर कौर के सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। दर्शन सिंह, सुरिंदर पाल सिंह और रुपिंदरजीत सिंह को दो-दो गोलियां लगीं। आरोपी घटना के बाद फरार होने लगा तो घायल दर्शन सिंह ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने फिर से उसे गोली मारने का प्रयास किया।
छीनाझपटी में पिस्टल हिल जाने से गोली आरोपी के सिर को छूकर निकल गई, छर्रे लगने से वह भी घायल हो गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी समेत चारों घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा। घायलों का बयान लेने के बाद आरोपी गुरजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।