मुक्तसर। शहर में रविवार को गोपाष्टमी का त्योहार धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर की टिब्बी साहिब रोड स्थित गौशाला, फैक्ट्री रोड स्थित श्री कृष्ण गोपाल गो धाम और पुरानी दाना मंडी स्थित गो शाला में गायों का पूजन हुआ। स्वामी कमलानंद की अध्यक्षता में श्रद्धालु सुबह साढ़े पांच बजे प्रभातफेरी के रुप में श्री राम भवन से टिब्बी साहिब रोड स्थित गो शाला पहुंचे। जहां श्रद्धालुओं ने गायों का पूजन किया। स्वामी जी ने गायों को तिलक लगा पुष्प भेंट किए और वस्त्र धारण करवाए।
इस दौरान आसमान गाय माता के जयकारों से गूंज उठा। प्रभातफेरी दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे। गो पूजा के उपरांत वापस राम भवन पहुंचकर कार्तिक महोत्सव कथा हुई। जिसमें स्वामी कमलानंद गिरि जी ने श्रद्धालुओं को गाय की पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें गो सेवा क रने को प्रेरित किया।
स्वामी जी ने श्रद्धालुओं को भजन ‘सेवा गऊ दी तू कर चित्त ला के स्वर्गां नूं जाएंगा मनां...’ , ‘माता से भी जिस माता ने ज्यादा दूध पिलाया, कैसे हो तुम भक्त गऊ के ध्यान न तुमको आया...’ और ‘गाय है आधार विश्व का गौरक्षा जीवन है, गौ बिन क्या हिंदुतत्व रहेगा गौ से हिंदुपन है...’ सुनाकर भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर गो शाला कमेटी के अध्यक्ष अमृत लाल खुराना, शिव कटारिया, मंदिर के पुजारी पं.रणजीत शर्मा, राम भवन की संचालिका स्वर्णा देवी, मनी, रमन जैन, नत्थू राम गोयल, मेघराज गर्ग समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।