पढ़ाई के लिए स्मार्टफोन न मिलने व घर की गरीबी से तंग आकर गांव कोटधरमू की एक मजदूर परिवार की 11वीं कक्षा की छात्रा ने शुक्रवार को शाम घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इस पर 174 की कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। जब छात्रा ने फंदा लगाया तो घर में कोई नहीं था। परिवार के सदस्यों व किसान यूनियन ने कहा कि पुलिस ने उनके मुताबिक बयान दर्ज नहीं किए।
गांव कोटधरमू के मजदूर परिवार की गांव भम्मे कला के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा रमनदीप कौर (16) पुत्री जगसीर सिंह कई दिनों से अपने पिता से स्कूल का काम करने के लिए स्मार्टफोन मांग रही थी। पिता ने फोन न ले पाने की अपनी मजबूरी जाहिर की। इसके बाद जब पिता व मां दोनों दिहाड़ी पर चले गए थे तो रमनदीप कौर ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
शाम के समय उसकी दादी सुरजीत कौर ने घर आते ही उसे फंदे से लटका देखा। गांव कोटधरमू किसान यूनियन उगराहां के नेता मलकीत सिंह कोटधरमू व सलाहकार सतपाल सिंह ने बताया कि घर में गरीबी के कारण स्मार्टफोन न ले सकने से परेशान छात्रा ने खुदकुशी की है। जबकि पुलिस ने 174 की कार्रवाई की है।
उन्होंने बताया कि मृतका रमनदीप कौर का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वह पढ़ने में बेहद होशियार थी और अध्यापक बनना चाहती थी। उन्होंने सरकार से परिवार के लिए मुआवजे की मांग करते हुए पंजाब सरकार से जल्द स्कूल खोलने व सरकार द्वारा किए गए वादे के मुताबिक छात्राओं को स्मार्टफोन देने की मांग की। थाना कोटधरमू के चौकी इंचार्ज गुरतेज सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक लड़की के पिता जगसीर सिंह के बयान पर कार्रवाई करके शव वारिसों को सौंप दिया है।