निजी कालोनी में लीक हो रहे पानी के पाइप को ठीक करने के दौरान मिट्टी का तोंदा गिरने से दो प्लंबर दब गए। जिसमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को सुरक्षित निकाल लिया गया। प्लंबर को मिट्टी से बाहर निकालने की करीब पंद्रह मिनट की जद्दोजहद जिंदगी पर भारी पड़ गई।
मिट्टी में दबे प्लंबर के आसपास की मिट्टी को करीब छह लोगों ने हाथों से हटाया। पास खड़ी जेसीबी मशीन से मिट्टी को इस वजह से नहीं हटाया गया कि कहीं मशीन से पलंबर घायल नहीं हो जाए। लेकिन देरी होने के कारण प्लंबर बच नहीं सका।
स्थानीय सिविल अस्पताल में उपचाराधीन प्लंबर राजू कुमार ने बताया कि यहां की निर्माणाधीन एक निजी कालोनी में पानी के पाइप लीक हो रहे थे। वहां के ठेकेदार ने खुद उसे व दो अन्य प्लंबर दिनेश कुमार व मुकेश कुमार को बुलाया। पाइप लीक होने वाली जगह के पास से जेसीबी मशीन से मिट्टी हटाई गई थी।
जैसे ही वह खुद व मुकेश, गहरे गड्ढे में पाइप ठीक करने के लिए उतरे तो मिट्टी का बड़ा ढेर उन पर गिर गया। उसे तुरंत ही बाहर निकाल लिया, लेकिन मुकेश मिट्टी में दब गया। करीब 15 मिनट बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जांच कर रहे पुलिस अधिकारी सीता राम ने कहा कि जांच की जा रही है। कार्रवाई जारी है।