लुधियाना। बस्ती जोधेवाल मेन रोड स्थित अग्रवाल गारमेंट्स की दुकान पर काम करने वाले लड़के ने दुकान से छह लाख रुपये उड़ा दिए। आरोपी डुप्लीकेट चाबी से पिछला दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुआ था। वारदात का पता चला तो दुकान मालिक लक्ष्मण दास ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर थाना दरेसी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लक्ष्मण दास की शिकायत पर हैबोवाल निवासी साहिल और उसके साथियों पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
लक्ष्मण दास ने पुलिस को बताया कि उसकी अग्रवाल गारमेंट्स के नाम से दुकान है। आरोपी कई सालों से उसके पास काम कर रहा था। उसने 15 नवंबर को दुकान पर कुछ लोगों से इकट्ठा कर छह लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। नकदी दुकान के गल्ले में पड़ी थी। अगले दिन वह दुकान पर आए तो पैसे गायब थे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी साहिल ने डुप्लीकेट चाबी लगाकर पिछला दरवाजा खोला और नकदी चोरी कर ली। जांच अधिकारी एएसआई ओम प्रकाश ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उनकी तलाश में छापा मारा जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।